राज बब्बर को दौड़ा-दौड़ा कर मारने की धमकीः पांच बड़ी ख़बरें

फतेहपुर सीकरी से बसपा कैंडिडेट गुड्डू पंडित का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो इसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर को 'दौड़ा-दौड़ा कर मारने' की धमकी दे रहे हैं.

इस पर राज बब्बर ने प्रतिक्रिया दी, "उनके माता-पिता ने उनको नसीहत दी होगी, वो उन तक नहीं पहुंची तो राज बब्बर की क्या औकात कि उनको कहे?"

बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने प्रचार पर लगाई चुनाव आयोग की रोक को लेकर आयोग पर जातिवादी मानसिकता से ग्रस्त होने का आरोप लगाया है.

मायावती ने सोमवार रात लखनऊ में प्रेसवार्ता कर आयोग की कार्रवाई पर सवाल उठाया.

मायावती ने कहा कि उन्होंने कोई भी धार्मिक माहौल खराब नहीं किया और आयोग ने कार्रवाई से पहले जो नोटिस उन्हें भेजा था, उसमें भड़काऊ भाषण के मुद्दे का कोई ज़िक्र नहीं था.

दरअसल, आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर 72 घंटे और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के प्रचार करने पर 48 घंटे की रोक लगा दी है.

चुनाव आयोग की ये रोक 16 अप्रैल यानी मंगलवार से शुरू होगी.

मायावती ने उत्तर प्रदेश के देवबंद में चुनावी सभा के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की थी कि मुस्लिम समुदाय के लोग अपना वोट बंटने ना दें और सिर्फ महागठबंधन के लिए वोट दें.

वहीं योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि यदि विपक्ष को अली पसंद है, तो हमें बजरंग बली पसंद हैं.

दोनों नेताओं के उपरोक्त बयान को धर्म के नाम पर वोट मांगने के नियम का उल्लंघन माना गया है.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा उनकी पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ 4-3 फॉर्मूले के तालमेल वाले अपने रुख पर कायम है और अब फ़ैसला आप को करना है.

पटेल ने ट्वीट किया, "हम स्पष्ट तौर पर कहना चाहते हैं. हमारी दिल्ली इकाई के विरोध के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली में आप के साथ तालमेल का फॉर्मूला निकालने के लिए स्थानीय नेताओं को मनाया. लेकिन आप ने हरियाणा में भी सीटों की मांग पर जोर दिया."

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी पार्टी दिल्ली में आप के साथ गठबंधन करने को तैयार है, लेकिन अरविंद केजरीवाल फिर से यूटर्न ले रहे हैं.

इस पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि गठबंधन आपकी इच्छा नहीं मात्र दिखावा है.

सरकार ने वित्त वर्ष 2018-19 के निर्यात आंकड़े जारी किए हैं. इन आंकड़ों के मुताबिक देश से निर्यात में 9 फ़ीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज़ की गई है और यह 331 अरब डॉलर तक पहुंच गया है.

इसके साथ ही वर्तमान आंकड़ों ने साल 2013-14 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, तब निर्यात 314.4 अरब डॉलर दर्ज किया गया था.

पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने हिंदू और ईसाई लड़कियों के जबरन धर्मांतरण और शादियों पर सोमवार को चिंता जाहिर की और कहा कि पिछले साल अकेले सिंध प्रांत में ऐसे क़रीब एक हज़ार मामले सामने आए हैं.

आयोग ने अपनी सालाना रिपोर्ट में कहा कि सरकार ने ऐसी जबरन शादियों को रोकने के लिए बहुत कम कोशिशें की हैं. उसने सांसदों से इस चलन को खत्म करने के लिए प्रभावी क़ानून बनाने को भी कहा.

आयोग ने 335 पन्नों की '2018 में मानवाधिकार की स्थिति' पर अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि केवल सिंध प्रांत में ही साल 2018 के दौरान हिंदू और ईसाई लड़कियों से संबंधित एक हज़ार के क़रीब मामले आए हैं.

Comments

Popular posts from this blog

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim

华为5G悬一线:英国首相“头痛”的原因

Führende Scientologen gehören zu den aktivsten Immobilienplayern der Stadt