कोरोना वायरस: चीन में हुबेई प्रांत में तेज़ी से बढ़ी मरने वालों की संख्या

चीन के हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस से सिर्फ़ बुधवार को 242 लोगों की मौत हो गई है. एक दिन में कोरोना से इतनी ज़्यादा मौत पहली बार हुई है.

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. हुबेई में 14840 और लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.

हुबेई में लोगों की जाँच अब नए और व्यापक तरीक़े से हो रही है और इसलिए ये संख्या और बढ़ रही है.

इस कारण अब चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 1350 से भी ज़्यादा हो गई है, जबकि कुल 60 हज़ार मामले सामने आए हैं.

पूरे चीन में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के जितने मामले सामने आए हैं, उनमें से 80 प्रतिशत मामले सिर्फ़ हुबेई प्रांत के हैं.

हुबेई में अब जाँच के नए तरीक़े अपनाए जा रहे हैं. अब उन लोगों को भी संक्रमित लोगों में शामिल किया जा रहा है, जिनके सीटी स्कैन में फेफड़े का संक्रमण दिख रहा है और जिनमें थोड़े बहुत भी लक्षण दिखाई दे रहे हैं. पहले सिर्फ़ न्यूक्लेइक एसिड टेस्ट पर ही भरोसा किया जा रहा था.

इस बीच 2000 लोगों को लेकर जा रहे एक जहाज़ कंबोडिया पहुँच गया है. पाँच देशों ने इस जहाज़ को इस डर से वापस भेज दिया कि इसमें कोरोना से संक्रमित कुछ लोग हैं.

जापान, ताइवान, गुआम, फिलीपिंस और थाइलैंड ने इस जहाज़ को वापस भेज दिया था.

विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कंबोडिया के फ़ैसले का स्वागत किया है.

इस बीच जापान के योकोहामा में अलग-थलग रखे गए जहाज़ डायमंड प्रिंसेस में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के 44 अन्य मामले सामने आए हैं.

इसका मतलब ये है कि जहाज़ पर मौजूद 3700 लोगों में से 218 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. जबकि अभी सबकी जाँच नहीं हुई है.

वायरस से संक्रमित लोगों को इलाज के लिए ले जाया गया है.

इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि इस महामारी के ख़ात्मे के बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाज़ी होगी.

संगठन ने चेतावनी दी है कि अभी ये महामारी कहीं भी हो सकती है.

डब्लूएचओ के हेड ऑफ़ इमरजेंसी माइकल रयान ने कहा है कि संगठन 441 में से आठ मामलों में वो संक्रमण का स्रोत पता लगाने में सफल रहे हैं. लेकिन ये सभी मामले चीन के बाहर के हैं.

डब्लूएचओ ने ये भी उम्मीद जताई है कि इसका वैक्सीन तैयार हो जाएगा, लेकिन इसमें थोड़ा समय लगेगा.

Comments

Popular posts from this blog

交通运输部:确保具备条件的乡镇和建制村如期通客车

पुरानी फ़िल्मों में क्यों होते थे कैबरे डांस?

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim